सी. रायन स्मिथ की जीवनी और मंच

जीवनी

सी. रायन स्मिथ: रायन की फ़ैंडम में रहने की शुरुआती यादें स्कूल से पहले सुबह के समय अपने पिता के साथ Pokémon और Yu-Gi-Oh! देखने से जुड़ी हैं। वे अपनी कक्षा के अन्य बच्चों के साथ शो और खेलों के बारे में बात करना और मित्रता की उस परिचित भावना को महसूस करना याद करते हैं, जो आज हम सब महसूस करते हैं। हालाँकि, यदि उनसे पूछा जाए, तो वे बताएँगे कि बड़े पैमाने पर फैन्डमों के साथ उनकी पहली सच्ची मुलाकात वर्षों बाद 2008 में हुई, जब उन्होंने अपने प्रारंभिक फैनफ़िक उपभोग के रूप में लेखन-आधारित भूमिका-निर्वाहन गेमों के लिए ऑनलाइन मंचों और Fanfiction.net का उपयोग करना शुरू किया। रायन ने विश्वविद्यालय में २०१३ में अपने पहले वर्ष के दौरान OTW (परिवर्तनकारी कार्य हेतु संगठन) के लिए पहली बार स्वयंसेवा शुरू की; व्यक्तिगत स्थितियों के कारण उन्होंने कुछ समय के लिए OTW को छोड़ा, और २०१५ में वे स्वयंसेवा में दुबारा जुड़ गए। तबसे उन्होंने विश्वविद्यालय से सूचना प्रौद्योगिकी में विज्ञान स्नातक की उपाधि प्राप्त कर एक सुरक्षा इंजीनियर के रूप में काम करना शुरू किया है।

मंच

१. आपने बोर्ड के चुनाव में भाग लेने का निर्णय क्यों लिया?

पिछले वर्ष संगठन के भीतर और बाहर जो कुछ भी घटित हुआ है, उसे देखते हुए यह वर्ष चुनावी उम्मीदवारों को खड़ा करने के लिए विशेष रूप से कठिन था। मैंने यह सुनिश्चित करने के लिए कदम बढ़ाया कि हमारी चुनाव लड़ने की प्रक्रिया जारी रहे। हालाँकि संगठन के साथ मेरी लंबी और विविध सेवा को देखते हुए मुझे लगता है कि चुने जाने पर मैं सफल हो सकता हूँ, मुझे प्रतीत होता है कि अन्य उम्मीदवार सम्भवतः इस भूमिका के लिए अधिक व्यवहार्य हो सकते हैं। मेरी सामान्य समिति प्रतिबद्धताओं और मेरी अपनी रचनात्मक परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की इच्छा को देखते हुए यह विशेष रूप से सच है।

२. आप बोर्ड में कैसे कौशल और/या अनुभव लाएँगे?

OTW में मेरी कई वर्षों की सेवा के बाद, विभिन्न समितियों में अपने कार्यकाल के दौरान मेरे पास अर्जित कौशल और अनुभव की एक विस्तृत श्रृंखला है। मुझे लगता है कि मैं संगठन के उन विभिन्न हिस्सों के बारे में जानकारी देने में सक्षम होऊंगा जिनके साथ मैंने काम किया है – साथ ही मैं अपने विकसित किए गए कौशल को बोर्ड सम्बंधित किसी भी कार्य हेतु उपयोग में ला सकूँगा। संगठन के बाहर मैंने समुदायों के मंदन में मदद की है, लेखन-आधारित भूमिका-निर्वाहन गेम बनाए और संचालित किए हैं, और विश्वविद्यालय में अपने समय के दौरान छात्र सरकार संगठन में सेवा की है। ये सभी चीज़ें संगठन के भीतर मेरे कौशल के मूलभूत पहलुओं के रूप में काम करती हैं और बोर्ड के काम में सकारात्मक योगदान दे सकती हैं।

३. OTW के लिए एक या दो लक्ष्य चुनें जो आपके लिए महत्वपूर्ण हैं और जिनपर आप अपने कार्यकाल के दौरान काम करने में रुचि रखते हैं। आप इन लक्ष्यों को महत्व क्यों देते हैं? उन्हें हासिल करने के लिए आप दूसरों के साथ कैसे काम करेंगे ?

मुझे लगता है कि वर्तमान में संगठन के साथ-साथ व्यक्तिगत समितियों द्वारा जिन कई परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है, वे हमारे लिए ध्यान केंद्रित करने के योग्य लक्ष्य हैं। यद्यपि हमारे लिए अपने लक्ष्य के रूप में रखे गए उद्देश्य की तरफ़ महत्वकांक्षी होना ज़रूरी है, फिर भी हमारे पहले से निर्धारित लक्ष्यों और परियोजनाओं की तरफ़ काम करना और उन्हें पूरा करना मुझे अधिक महत्वपूर्ण लगता है।

पुनश्च: कुछ लक्ष्य जिनका उल्लेख मैंने मूल रूप से अपने 2018 जीवनी और मंच में किया था, वे पूर्ण हो चुके हैं! हमें हमारी ही बधाइयाँ, और संचार और विकास एवं सदस्यता समितियों की जितनी प्रशंसा की जाए, कम है।

४. OTW की परियोजनाओं के साथ आपका अनुभव क्या है और आप उन्हें समर्थन और मजबूत करने के लिए संबंधित समितियों के साथ कैसे सहयोग करेंगे? विभिन्न प्रकार की परियोजनाओं को शामिल करने का प्रयास करें, हालाँकि उन विशेष परियोजनाओं पर ज़ोर देने में संकोच न करें जिनके साथ आपको अनुभव है।

मैंने संगठन में कई अलग-अलग पदों और समितियों में काम किया है। अपनी पसंदीदा भूमिकाओं में से कुछ को शीघ्रता से नामित करने के लिए: विकास एवं सदस्यता, स्वयंसेवक एवं नवरोहण समिति, और Open Doors (खुले दरवाज़े)। वर्तमान में मैं प्रणाली प्रशासक समिति में एक स्वयंसेवक के रूप में सेवा कर रहा हूँ। संभवतः मैं पूरे संगठन के साथ सबसे अधिक अनुभवी हूं, क्योंकि मैंने मुख्य रूप से अधिक “प्रशासनिक” समितियों में काम किया है जो किसी विशेष परियोजना से नहीं जुड़ी हैं। हालाँकि, मेरे पास Archive of Our Own – AO3 (हमारा अपना संग्रह) पर अधिक केंद्रित समितियों के साथ भी अनुभव है। कुल मिलाकर संगठन में अपने कार्यकाल के दौरान मैंने अलग-अलग लोगों और समितियों के साथ काम किया है – मैं संगठन की हर समिति का सहयोग करने और उनके साथ काम करने की अपनी क्षमता पर पूरी तरह आश्वस्त हूँ।

इसके समर्थन में, मैं हमारे आंतरिक विकि पर उनके दस्तावेज़ों को पढ़ने का समय निकालकर और उनके और हमारे वर्तमान बोर्ड के बीच चल रहे संवाद पर ध्यान देकर उनके बारे में अधिक सीखना चाहता हूँ। उनके और उनके दिन-प्रतिदिन के काम के बारे में अधिक जानने के अलावा, मुझे लगता है कि समितियों का समर्थन करने का श्रेष्ठतम तरीक़ा हमारे साथ उनके संवाद पर ग़ौर करना है। हमारी समितियाँ अनुभवी कर्मियों या समान स्तर पर प्रशिक्षित लोगों से बनी हैं, जो सभी अपना कार्य श्रेष्ठतम रूप से करना जानते हैं। हालाँकि बोर्ड सुझाव देकर या अधिक प्रत्यक्ष समर्थन देकर इसमें सहायता कर सकता है, नए विचारों या परिवर्तनों को लागू करना अंततः समितियों पर ही निर्भर है।

५. आप OTW में अन्य भूमिकाओं के साथ अपने बोर्ड के काम को कैसे संतुलित करेंगे, या आप बोर्ड के काम पर ध्यान केंद्रित करने के लिए अपनी वर्तमान भूमिकाओं को सौंपने की कैसी योजना बना रहे हैं?

मैं प्रणाली प्रशासक समिति में अपनी वर्तमान भूमिका से पीछे नहीं हटूँगा, क्योंकि किसी भी बोर्ड सदस्य के लिए किसी समिति का सक्रिय सदस्य होना आवश्यक है और क्योंकि मैं उस समिति के अंतर्गत अपने कार्यभार में आनंद भी लेता हूं। जहाँ तक ​​कार्यभार संतुलित करने में मदद की बात है, मैं समय-सीमाओं, बैठकों, और अन्य समय-संवेदनशील कार्यों पर नज़र रखने में मदद के लिए अपने Google Calendar (गूगल दिनदर्शिका) के उपयोग को बढ़ाऊँगा (जो मैं पहले से ही अपने वास्तविक जीवन के लिए करता हूँ)। इसके अलावा, जिन व्यक्तिगत कार्यों पर मैं काम कर रहा हूँ उनपर नज़र रखने में मदद के लिए मैं Trello जैसे साधनों का उपयोग करूँगा।